Thursday, December 1, 2011

उपचुनाव : 7 राज्यों में 60 से 80 फीसदी मतदान हुए

नई दिल्ली.-01-12-2011-(प,प)

हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, बिहार, झारखण्ड, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में विभिन्न कारणों से रिक्त हुई आठ विधानसभा सीटों और दक्षिण कोलकाता लोकसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया।

इस दौरान 60 से 80 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। विधानसभा उपचुनाव हरियाणा और हिमचाल प्रदेश की दो-दो सीटों और ओडिशा, बिहार, झारखंड और कर्नाटक की एक-एक सीटों पर हुए।

वहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के इस्तीफे से रिक्त हुई कोलकाता दक्षिण लोकसभा सीट पर चुनाव हुए। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

हिमाचल प्रदेश के रेणुका (आरक्षित) सीट पर 75 प्रतिशत और नालागढ़ में 80 प्रतिशत मतदान हुआ। नालागढ़ में भाजपा के पूर्व मंत्री व तीन बार विधायक रह चुके एच.एन. सेनी और रेणुका सीट पर कांग्रेस से छह बार विधायक रह चुके प्रेम सिंह के निधन के कारण उपचुनाव कराए गए हैं। मतगणना चार दिसम्बर को होगी। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है।

हरियाणा की आदमपुर व रतिया विधानसभा सीटों पर भी कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान सम्पन्न हो गया। आदमपुर में 70 और रतिया में 65 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

आदमपुर विधानसभा सीट हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) के उम्मीदवार कुलदीप विश्नोई के हिसार संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हो जाने के बाद खाली हुई थी। यहां से उनकी पत्नी रेणुका विश्नोई मैदान में हैं। वहीं, रतिया विधानसभा सीट सितंबर में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक ज्ञानचंद ओध के निधन के कारण रिक्त हुई थी।

कर्नाटक में बेल्लारी ग्रामीण विधानसभा सीट के लिए हुए मतदान भाजपा के रेड्डी बंधुओं का भविष्य तय होगा। खनन मामले में नाम आने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके रेड्डी बंधुओं ने इस उप चुनाव में अपने सहयोगी एवं पूर्व मंत्री बी. श्रीरामुलू को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने बेल्लारी के व्यवसायी पी. गदीलिंगप्पा को मैदान में उतारा है। 195 निर्वाचन केंद्रों पर 2,500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

बिहार में पूर्व पंचायतीराज मंत्री हरिप्रसाद साह के निधन से रिक्त हुई मधुबनी जिले की लौकहा विधानसभा सीट के लिए जनता दल (युनाइटेड) ने यहां से साह के बेटे सतीश कुमार साह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने डॉ. मुख्तार अहमद और कांग्रेस ने रामसुंदर तरैत को चुनाव मैदान में उतारा है। प्रारम्भिक सूचना के अनुसार, वहां करीब 54 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 2,62,375 मतदाताओं के लिए 248 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

ओडिशा के नबरंगपुर जिले की उमरकोट (आरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हो गया। बीजू जनता दल (बीजद) के विधानसभा सदस्य जगबंधू माझी की 24 सितम्बर को हत्या के बाद से यह सीट रिक्त थी। शाम पांच बजे तक यहां 60 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

झारखण्ड में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक टेकलाल महतो के निधन के बाद रिक्त हुई मांडू विधानसभा सीट पर 60 प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्य मुकाबला झामुमो के जे. प्रकाश पटेल, कांग्रेस के कुमार महेश सिंह व झारखण्ड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के मनीष जायसवाल के बीच है। इस निर्वाचन क्षेत्र के अधिकतर मतदान केंद्र नक्सल प्रभावित इलाकों में थे, इसलिए यहां कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था की गई थी।

वहीं, पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री बनने के बाद ममता बनर्जी के इस्तीफे से रिक्त हुई कोलकाता दक्षिण लोकसभा सीट पर 50 फीसदी मतदान हुआ।

तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र इकाई स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव रिताब्रत बनर्जी मैदान में हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यहां 20,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।




News From: http://www.7StarNews.com

No comments:

 
eXTReMe Tracker