Sunday, December 25, 2011

झील ने लील ली 22 जिंदगियां

चेन्नई.(26/12/11) (Tehelkanews)

तमिलनाडु के तिरवल्लूर जिले में पुलीकट झील में हुए नाव हादसे में मरने वालों की तादाद 22 हो गई है। पुलिस ने बताया कि छह महिलाओं समेत 13 शवों को बाहर निकाला गया है। दो परिवारों के 25 से अधिक लोग इस नौका पर झील में पिकनिक मनाने गए थे। दुर्घटना में तीन लोग तैरकर बाहर निकल आए। जबकि दो बालिकाओं और एक बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने बचाया। मृतकों में नौका चालक और उसकी पत्नी भी शामिल है। ये लोग सैर सपाटे के लिए नाव पर सवार थे।

चेन्नई से करीब 60 किमी दूर पुलीकट झील में हुए इस हादसे के शिकार लोग चेन्नई के आस-पास के इलाकों के रहने वाले हैं। नाव को स्थानीय मछुआरे चला रहे थे। पुलिस का कहना है कि नाव झील के उस इलाके में चली गई थी जहां नावों के लिए जाने पर पाबंदी है। दुर्घटना-स्थल पर मौजूद मछुआरों के अनुसार अचानक ऊंची लहर उठने के कारण नाव पलट गई। फाइबर से बनी इस नाव का उपयोग मछली पकड़ने के लिए किया जाता था। बताया जाता है कि नाव झील के उस मुहाने पर डूब गई जहां वह समुद्र से मिलती है।





पुलीकट भारत के खारा पानी के झीलों में दूसरी सबसे बड़ी झील है, जो यहां से लगभग 60 किलोमीटर दूर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की सीमा पर है।

राज्यपाल के. रोसैया और मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।






News From: http://www.7StarNews.com

No comments:

 
eXTReMe Tracker