Wednesday, November 9, 2011

दिग्विजय सिंह को उनके \'घर\' में ही चुनौती देगा आरएसएस, बड़े कार्यक्रम की तैयारी

भोपाल,(09/11/11)(Tehelkanews)

कांग्रेस महासचिव और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के निशाने पर रहने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अब उनके ही गढ़ में उन्हें चुनौती देने की पूरी तैयारी कर ली है। आरएसएस ने राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में तीन दिन का हिंदू समागम आयोजित करने का फैसला किया है।दिग्विजय सिंह इस सीट का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और यह इलाका उनका गढ़ माना जाता है। योजना के मुताबिक आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत रविवार को यहां एक सभा करेंगे। सभा का आयोजन वीर सावरकर के नाम पर रखे गए स्टेडियम में होगा। सांप्रदायिक तौर पर संवेदनशील इस इलाके में मोहन भागवत की पहली यात्रा है। कार्यक्रम के दौरान सांप्रदायिक हिंसा बिल, आतंकवाद, धर्म परिवर्तन और घुसपैठ पर चर्चा होगी। आरएसएस कार्यकर्ता पूरे शहर को भगवा झंडों से सजा दिया है।

हिंदू समागम समिति नाम की संस्था राजगढ़ के अलग-अलग इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल करने की प्रतिज्ञा दिलवा रही है। इसके अलावा समिति के कार्यकर्ता गौ संरक्षण के लिए भी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह आरएसएस पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते रहे हैं। मध्य प्रदेश से आने वाले संघ के नेता सुनील जोशी की हत्या का आरोप भी दिग्विजय ने संघ पर मढ़ा है। 'श्रीमान बंटाधार' का जवाब 'घोषणावीर'

उधर, कांग्रेस को भी आठ बरसों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अपने तत्कालीन नेतृत्व पर उठे सवाल का जवाब देने का मौका मिलता दिखाई दे रहा है। साल 2003 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के लिए श्रीमान बंटाधार का जुमला उछालने वाली भाजपा ने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया था। मजे की बात कि अब कांग्रेस मौजूदा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 'घोषणावीर' का खिताब देने और 'मप्र में विकास की घोंघा चाल' अभियान शुरू करने पर विचार कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बुधवार को होने वाली पहली बैठक में इसकी घोषणा हो सकती है। अगले विधानसभा चुनाव तक चलने वाले 'मप्र में विकास की घोंघा चाल' अभियान में मुख्यमंत्री द्वारा की गई तमाम घोषणाओं और उनकी वास्तविकता को जनता के बीच रखा जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री को 'घोषणावीर' संबोधित किया जाएगा। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में होर्डिंग और बैनर लगाए जाएंगे, जिसमें घोंघे के चित्र के साथ 'मप्र में विकास की घोंघा चाल' लिखा होगा और सीएम को 'घोषणावीर'के रूप में दर्शाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं को अपने भाषणों में भी इन शब्दों का इस्तेमाल करने को कहा जाएगा।




News From: http://www.7StarNews.com

No comments:

 
eXTReMe Tracker