Sunday, November 6, 2011

जानिए, क्‍या है \'केबीसी\' के पुराने करोड़पतियों का हाल?

नई दिल्‍ली,(06/11/11)(Tehelkanews)

'कौन बनेगा करोड़पति' शो में पांच करोड़ रुपए जीतने वाले सुशील कुमार ने मोतिहारी में अपने घर पहुंचते ही नया घर बनवाने की बात की। इसी तरह गेम शो पर पहले करोड़पति बन चुके हर्षवर्धन नवाथे और राहत तस्लीम की जिंदगी में भी बहुत बदलाव आए। राहत का घर बन रहा है। हर्षवर्धन ने इंग्लैंड जाकर एमबीए किया। और क्या-कुछ नया हुआ इनके जीवन में भास्कर ने पता लगाया:



पति की नौकरी छुड़वा ली है, अब मिलकर करेंगे कपड़ों का कारोबार

अमित राजा. गिरिडीह

'कौन बनेगा करोड़पति' शो पर देश की पहली महिला करोड़पति बनीं राहत तस्लीम का गिरिडीह में तिमंजिला मकान बन रहा है। पहले यहां दो हॉल और दो कमरे ही थे। महंगे टाइल्स ने घर को भव्य बना दिया है। घर में अच्छे फर्नीचर आ गए हैं। दिवाली पर उन्होंने माइक्रोवेव ओवन खरीदा है और एलसीडी टीवी बुक कराया है। उन्होंने कोच्चि में 8000 रुपए की नौकरी करने वाले पति को भी अपने पास बुला लिया है। वे राहत की योजनाओं को पूरा करने में मदद कर रहे हैं। 27 नवंबर 2010 को करोड़पति बनने से पहले राहत सिलाई करके अपने परिवार का गुजर-बसर कर रही थीं। अब वे बिजनेस की नई योजना बना रही हैं।



राहत के मुताबिक 'मैं बुटीक खोलना चाहती थी। मगर गिरिडीह में इस कारोबार का भविष्य न देखकर अब कपड़े का व्यवसाय करने का फैसला लिया है। पांच लाख रुपए घर पर खर्च करने के बाद बाकी पैसे बिजनेस में लगाऊंगी। घर का काम पूरा होते ही बिजनेस में जुट जाऊंगी।' पहले बेटा-बेटी की पढ़ाई का भार उठाना मुश्किल हो रहा था, मगर अब बच्चे उसी बीएनएस डीएवी में पढ़ रहे हैं। उनकी नियमित फीस जमा हो रही है। तस्लीम ने बेटी की शादी और बेटे की उच्च शिक्षा के लिए भी निवेश किया है।



आईएएस नहीं बन पाए लेकिन एमएनसी में पाया बड़ा ओहदा

विनोद यादव. मुंबई

'कौन बनेगा करोड़पति' शो के पहले विजेता हर्षवर्धन नवाथे ने करोड़पति बनने के बाद इंग्लैंड जाकर एमबीए किया। वे आज बहुराष्ट्रीय कंपनी के मार्केटिंग विभाग में कार्यरत हैं। हालांकि, गेम शो में जब वे शामिल होने गए थे तब वे आईएएस बनना चाहते थे। लेकिन करोड़पति बनते ही उनका जीवन बदल गया। ग्लैमर की चकाचौंध से उनका लक्ष्य भटका। जब वे यूपीएससी की परीक्षा देने पहुंचे तो उम्र चार-पांच दिन अधिक हो चुकी थी। वे अपात्र घोषित कर दिए गए। 11 अक्टूबर 2000 को 26 साल के हर्षवर्धन को गेम शो के जरिए देश के पहले करोड़पति बनने का खिताब मिला था। वे आज सायन-प्रतिक्षानगर (मुंबई) स्थित म्हाडा की इमारत में रहते हैं।



सीबीआई अधिकारी रहे हर्षवर्धन के पिता विनायक नवाथे स्वीकार करते हैं कि उनके बेटे के जीवन में केबीसी ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। हर्षवर्धन ने मराठी टीवी सीरियल की अभिनेत्री से विवाह किया है। हालांकि, उनका रहन-सहन अब भी मध्यवर्गीय परिवारों की तरह ही है। हर्षवर्धन के पिता आज भी मुंबई के पूर्वी उपनगर के घाटकोपर इलाके की मध्यमवर्गीय सोसायटी में रहते हैं। करोड़पति बनने के बाद उनके बेटे से मिलने वालों का हुजूम यहीं उमड़ा था।




News From: http://www.7StarNews.com

No comments:

 
eXTReMe Tracker