Saturday, October 29, 2011

हीरापुर में दलितों के घर पर हमले के बाद तनाव

जालंधर,29/10/11 (प,प)



कपूरथला रोड पर स्थित गांव हीरापुर में शुक्रवार सुबह दलितों के घर पर हमले के बाद से तनाव का आलम है। दिनभर राजीनामे का प्रयास चलता रहा, देर शाम दर्जनभर युवकों पर केस दर्ज किया गया।



एहतियातन गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पीड़ितों का आरोप है कि अगड़ी जाति के युवकों ने घरों पर पथराव किया, जिसमें एक महिला जख्मी हो गई। एक महिला की पिटाई भी की गई। विवाद की वजह वीरवार रात आतिशबाजी के दौरान हुई कहासुनी रही।



३७ वर्षीय चरनजीत कौर ने बताया, वीरवार रात दस बजे अगड़ी जाति के कुछ युवक आतिशबाजी कर रहे थे। कुछ पटाखे हमारे घरों के अंदर आकर फूटे। चिंगारी गिरने के बाद युवकों से कहा कि ऐसा न करें, घर में आग लग जाएगी। युवक समझाने के बावजूद बाज नहीं आए। उनसे कहासुनी भी हो गई। कहासुनी की खबर पाकर लांबड़ा थाने से दो पुलिसकर्मी आए और हालात का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा दिया और सरपंच से कहा कि अगली सुबह दोनों पक्षों को लेकर थाने आ जाएं।



चरनजीत के अनुसार, शुक्रवार सुबह दस बजे थे। बस्ती के ज्यादातर मर्द रोज की तरह अपने-अपने काम पर चले गए। घर में महिलाएं और बच्चे ही थे। तभी सौ के करीब युवक आए और घरों पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। गुस्साए युवकों ने बदले में उसकी पिटाई कर दी। २७ वर्षीय राज ने बताया कि भागकर घर के अंदर जा रही थी तभी ईंट का टुकड़ा चेहरे पर लगा। तेजधार हथियार, बेसबैट और ईंट-पत्थर लेकर आए युवक घंटेभर हुल्लड़बाजी करते रहे और गालियां देते हुए निकल गए।



आधे घंटे बाद एसपी (मुख्यालय) राजजीत सिंह, एसपी (डी) गुरमीत सिंह, डीएसपी (नकोदर) राजिंदर सिंह और डीएसपी (करतारपुर) जगदीश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। हुल्लड़बाज युवकों के घरों में तुरंत छापे मारे गए, मगर कोई भी घर में नहीं मिला। पुलिस के सामने ७५ वर्षीय वचनी ने कहा कि जब भी गांव में कोई दिन-त्योहार होता है ये युवक हुल्लड़बाजी करते हैं।



पुलिस ने गांव की महिलाओं को समझाया कि अमन-शांति भंग करने वाले युवकों को बख्शा नहीं जाएगा। तब तक मौके पर सरपंच सुरजीत सिंह भी आ गए। महिलाओं ने कहा कि सरपंच भी हो-हल्ला होने पर उन युवकों का ही साथ देते हैं। इस पर सुरजीत सिंह ने कहा कि 'पिंड दे सारे लोक उसदे बहन-भ्रा ने।'



रात की कहासुनी के बाद सुबह थाने निकल गए थे, पीछे से ये विवाद हो गया। रात में एसपी (डी) गुरमीत सिंह ने बताया कि बसपा नेता राजिंदर कुमार राणा के बयान पर जॉनी, गांधी, सुरजीत सिंह, मनवीर सिंह समेत दर्जनभर अज्ञात लोगों के खिलाफ एकजुट होकर घर में जबरन घुसने, मारपीट करने और जान मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया गया है। इनकी तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।
News From: http://www.7StarNews.com

No comments:

 
eXTReMe Tracker