Friday, September 30, 2011

नक्सलियों की \'हरकत\' से एक बार फिर थमा \'पहिया\'

जगदलपुर/रायपुर,30/09/11 (प,प)



सप्ताह भर तक बंद रहने के बाद विशाखापटनम से किरंदुल जाने वाली पैसेंजर का परिचालन एक बार फिर से रोक दिया गया है।



बुधवार की शाम यहां पहुंचने के बाद पैसेंजर को किरंदुल के लिए रवाना किया गया था। लेकिन रात्रि 8 बजे के करीब डाउन मालगाड़ी के ड्राइवर द्वारा पटरी पर कुछ रखे जाने की सूचना के बाद दंतेवाड़ा पहुंची पैसेंजर ट्रेन को रात को ही वहां से जगदलपुर के लिए लौटा दिया गया।



देर रात अचानक दंतेवाड़ा में ट्रेन निरस्त हो जाने से यात्रियों को भटकना पड़ा। दो दिन पहले ही इस मार्ग पर दंतेवाड़ा और कामालूर स्टेशन के बीच अज्ञात तत्वों ने 39 मीटर पटरी को उखाड़ कर अलग कर दिया था।



समय पर पेट्रोलिंग दस्ते को इसकी जानकारी मिल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के दो दिन बाद एक बार फिर से इस मार्ग पर ट्रेनों के आवागमन पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है।



रखा फिश प्लेट, टला हादसा

रेल मार्ग के भांसी और दंतेवाड़ा के बीच अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर फिश प्लेट रख दिया था। इस बीच रात्रि करीब 8 बजे बचेली से लौह अयस्क लेकर जा रही मालगाड़ी यहां से गुजरी इंजन के साथ यह प्लेट कुछ दूरी तक खिंचती चली गई। मालगाड़ी के ड्राइवर को इसका पता चलने पर उसने दंतेवाड़ा स्टेशन पर इसकी जानकारी दी। इसके तत्काल बाद इस मार्ग पर ट्रेनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई। दंतेवाड़ा पहुंची पैसेंजर को भी तत्काल ही जगदलपुर लौटा दिया गया। सुबह निरीक्षण के दौरान फिश प्लेट रखने की पुष्टि हुई।



सोलह घंटे बंद रही ट्रेनें

दंतेवाड़ा और कामालूर स्टेशन के बीच किमी 410/17-18 पर माओवादियों ने मंगलवार को पटरी उखाड़ दी थी। गुरुवार की सुबह 9.45 बजे रेल पथ का निरीक्षण करने वाले इंजीनियरिंग स्टाफ ने यहां पटरी के किनारे बम देखा और पुलिस को खबर की। पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंच कर बम निष्क्रिय कर दिया। इस घटना के चलते इस मार्ग पर दोपहर 12 बजे तक ट्रेन का परिचालन बंद रहा। दोपहर बाद किसी तरह आवागमन बहाल किया गया। इधर शाम को विशाखापटनम से यहां पहुंची ट्रेन को जगदलपुर स्टेशन पर ही रोक लिया गया है। यह ट्रेन अब शुक्रवार की सुबह अपने निर्धारित समय पर विशाखापटनम के लिए रवाना होगी।


News From: http://www.7StarNews.com

No comments:

 
eXTReMe Tracker